Thursday, 14 April 2011

सहर्ष अपनाएँ


स्वरों व्यंजनों से परिनिष्ठित, है वर्णों की माला,
शब्द-शब्द अत्यंत परिष्कृत देते अर्थ निराला
उच्च कोटि के भाव निहित हैं, नित प्रेरणा जगाए।
आओ आओ हिंदी भाषा हम सहर्ष अपनाएँ।।


व्यक्त विचारों को करने का यह सशक्त माध्यम है,
देवनागरी लिपि अति सुंदर सर्वश्रेष्ठ उत्तम है
इसकी हैं बोलियाँ बहुत-सी इसे समृद्ध बनाएँ।
आओ आओ हिंदी भाषा हम सहर्ष अपनाएँ।।

उच्चारण, वर्तनी सभी में, इसको सिद्धि मिली है,
है व्याकरण परम वैज्ञानिक, पूर्ण प्रसिद्धि मिली है
इसके अंदर संप्रेषण का अनुपमेय गुण पाएँ।
आओ आओ हिंदी भाषा हम सहर्ष अपनाएँ।